Showing posts with label गुस्सा. Show all posts
Showing posts with label गुस्सा. Show all posts

Friday, October 9, 2009

न वो आये,न उनका जवाब आया,समझाने को मुझे सारा जंहा आया

बहुत कुछ नही कहूंगा मगर एक बात हैरान कर देने वाली रही।ज़रा ज़रा सी बात पर दौड़ कर टिपण्णी करने वाले विद्वानों ने मेरे सवालो का जवाब देना ज़रूरी नही समझा।मै इसे उनकी कायरता नही समझदारी ही कहूंगा और जब वे समझदार हो गये है तो मुझे भी समझदार होना पड़ेगा।शायद उनकी समझ मे ये आ गया है किसी की ओर एक ऊंगली उठाते ही बाकी की ऊंगलियों का निशाना खुद ब खुद अपनी ओर हो जाता है।मुझे अफ़सोस भी है इस बात का कि मैने आखिर ये क्या किया और फ़िर लगता है कि ये ज़रूरी भी था वरना धर्म के नाम पर तमाशा चलता रहता।

मेरी कोई मंशा नही थी कि मैं किसी धर्म विशेष की विसंगतियों पर ऊंगली उठाऊं मगर गुस्सा विनाश का कारण होता है ये जानते हुये भी गुस्से मे वो काम कर बैठा जिस काम का मै विरोध करना चाह्ता था।जब वो गलत था तो स्वाभाविक है कि मै भी गलत ही हुआ।मगर मेरा सवाल अभी भी एक ही है कि क्या कारण है कि उसने मुझे जवाब नही दिया?क्या मेरे सवालों का उसके पास कोई जवाब नही है?या उसे अनुमान हो गया था कि मेरा तरकश भी सवालो से भरा हुआ?या फ़िर उन सवालो का जवाब देकर वो खुद ही अपनो के ही बीच विवाद का कारण बन जाता?और भी बहुत से सवाल हैं?

मेरा किसी का दिल दुखाने का इरादा भी नही था मगर मै जानता हूं कि तरकश से निकला तीर किसी न किसी को तो चोट पहुंचाता ही है।मै तो बस ये कहना चाह्ता था कि सभी धर्म समान है और यदी आप दूसरे धर्म का सम्मान करेंगे तो आप को भी उतना ही सम्मान मिलेगा।आप अपने धर्म का प्रचार करिये हमारा भी ज्ञान बढेगा और जिसे जो ग्रहण करना हो वो करेगा लेकिन इसका मतलब ये नही है कि आप दूसरे धर्म को नीचा दिखायें।सब लोग समझदार है।सब अपनी-अपनी सुविधा के हिसाब से तय कर लेते हैं उन्हे क्या करना है क्या नही?आप ये मत बताईये कि हम क्या करें क्या नही तो ठीक रहेगा।
एक बात और मेरे इस तरह के लेखन से पता नही जिसके लिये लिखा उसे असर हुआ या नही लेकिन मेरे अपने ही लोगो को ज़रुर पीड़ा हुई जिसका मुझे बहुत ही अफ़सोस है।मैं अपने चाहने वालों की भावनाओं की कदर करता हूं और उन्हे विश्वास दिलाता हूं कि अपनी उर्ज़ा का सही दिशा मे प्रयोग करूंगा।इस विवाद का पर्दा मै अपनी तरफ़ से गिरा रहा हूं और उम्मीद करता हूं कि इस नाटक मे शामिल और लोग भी पर्दे के पीछे चले जायेंगे।पुनश्चः मेरे लिखे से किसी को दुःख पहुंचा हो तो क्षमाप्रार्थी हूं।मुझे कांटे से कांटा निकालने की अपनी प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने की शुरूआत करने के लिये आप सभी लोगों की ओर से की गई पहल को मैं जीवनपर्यंत याद रखने की कोशीश करुंगा।