Showing posts with label माओवादी।. Show all posts
Showing posts with label माओवादी।. Show all posts

Friday, June 19, 2009

बस्तर तो लालगढ से ज्यादा लाल हो चुका है निर्दोष लोगों के खून से,यंहा कब कार्रवाई होगी?

लालगढ मे माओवादियों को कुचलने के लिये सुरक्षा बलो ने आपरेशन शुरु कर दिया है और यंहा छतीसगढ के बस्तर मे अभी तक़ आपरेशन तो दूर इंजेक्शन तक़ नही लगा रहा हैं।आज भी झाड़-फ़ूंक जैसा लोकल इलाज चल रहा है।यंहा आपरेशन कब शुरू होगा जब यंहा यूपीये सरकार का इंट्रेस्ट जागेगा तब,या फ़िर उनकी विरोधी भाजपा सत्ता से हटेगी तब्।क्या अब बड़ी कार्रवाईयों के पालिटिकल विल राज्यों से उसके संबंधो पर निर्भर करेगा।बस्तर मे भी हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं।यंहा तो रेल यातायात तक़ नक्सलियो के फ़रमान पर रूक जाता है,सड़क पर तो उनकी मर्ज़ी के बिना चल ही नही सकते।खून तो ऐसा बहता है जैसे म्यूनिसिपल के बिना टोंटी के नल से पानी।लालगढ का तो सिर्फ़ नाम का ही लाल है,यंहा तो सब कुछ लाल हो चुका है,लालगढ से भी ज्यादा लाल्।

पता नही क्यों जलन सी हुई लालगढ मे नकसलियों के खिलाफ़ आपरेशन शूरू होने की खबर मिलते ही।जलकर अपन भी लाल हो गये।इस बात का विरोध नही है कि वंहा क्यों कार्रवाई कर रहे हैं बल्कि इस बात का विरोध है कि यंहा कार्रवाई क्यों नही कर रहे हैं।बस्तर के साथ-साथ अब उड़िसा का मल्कानगिरी का ईलाका भी लाल हो चुका है। निर्दोष लोगो के खून के साथ-साथ माओवादियों के लाल रंग से भी।सरकारें चाहे जितना भी दावा कर ले मगर रिमोट एरिया मे अघोषित नक्सल सत्ता से किसी को इंकार नही हो सकता।

बस्तर मे भी सैकड़ो हजारो आदिवासी सड़क पर उतर चुके हैं मगर उनकी गल्ती ये थी कि वे सरकार के खिलाफ़ नही थे बल्कि नक्सलियों के खिलाफ़ थे।वे तो सरकार से मदद मांग रहे थे।संभवतः आज़ाद भारत मे आदिवासियों का इससे बड़ा आंदोलन और कंही नही हुआ होगा।मगर वो आंदोलन शांतिपूर्ण ढंग से सलवा-जुड़ूम के नाम से आज भी चल रहा है।जब गांधी की ही अहमियत इस देश मे लगातार घट रही है तो गांधीवादी आंदोलन से भला दिल्ली वालों का ध्यान कैसे खिंचा जा सकता था।उसके लिये तो लालगढ जैसा माओवादी आंदोलन चाहिये,शायद्।बस्तर के आदिवासियों को ये फ़ंडा पता नही है शायद्।बेचारे अपना गांव-जमीन-घर सब छोड़ कर कैंप मे रह रहे हैं इस उम्मीद से कभी तो नक्सलियों के खिलाफ़ शुरू हुये उनके आंदोलन का असर होगा।

मूर्ख है बस्तर के आदिवासी।नक्सलियों से लड़ रहे है।हां येही अगर नक्सलियों के समर्थन मे होते और सरकार इनके खिलाफ़ कार्रवाई करती तो उनका आंदोलन इंटरनेशनली हिट हो जाता।बड़े-बड़े मानवाधिकारवादी आकर उनके पक्ष मे रोते और दुनिया के जाने माने विद्वान भी सरकार को कसते हुये नज़र आते।मगर ऐसा हो नही रहा है क्योंकि यंहा का आदिवासी सरका र के साथ खड़ा है और कांग्रेस को उसने उसीके गढ मे रिजेक्ट कर दिया है।

शायद इसिलिये तो नही हो रही है बस्तर मे बड़े आपरेशन मे देरी।क्या बस्तर मे कार्रवाई के लिये यंहा के आदिवासियों को भी सड़क पर उतर अपनी सत्ता की घोषणा करना पड़ेगा?क्या बस्तर मे रोज़ मर रहे पुलिसवालों और निर्दोष आदिवासियों का खून लालगढ मे मारे गये माकपा कार्यकर्ताओं के खून से कम लाल है?क्या बस्तर के जंगलो के पेड़ो और पत्तो तक़ का रंग लाल नही होने तक़ सरकार नही जागेगी?अरे कोई मेजर सर्जरी/आपरेशन नही तो कम से कम छोटा मोटा चीरा ही लगा देते माई-बाप। आपकी सरकार को समर्थन दे चुके वामपंथियो और दे रहे तृणमूल के कार्यकर्ता से कम महत्वपूर्ण नही है यंहा की घास-फ़ूस्।