कल दोपहर मै रायपुर से अमरावती के लिये निकला।निकलने से पहले नियमानुसार मैंन ईश्वर से प्रार्थना की और घर से बाहर निकले लगा।तभी मुझे अचानक याद आई अपने मित्र ईंजीनियर रंजन प्रताप सिंह की।उसने मुझे कुछ दिनो पहले हनुमान कवच लाकर दिया था।पता नही क्या हुआ मैने कवच के पैक मे से एक लाकेट निकाला और पर्स मे डाल लिया।और फ़िर मै,आई यानी माताजी और सबसे छोटा भाई सुशील कार से निकल पड़े।
हमने नागपुर पहुंच कर छोटी बहन से मुलाकात की और उसका पुत्र आयुष भी हमारे साथ आ गया।नागपुर से निकलते-निकलते अंधेरा हो गया था। एन एच सिक्स के उस हिस्से मे फ़ोर लेन शुरु हो गई है।अच्छी सड़क मिलते ही मैने कार की रफ़्तार बढा दी।सफ़ारी की ड्राईव का हाई-वे पर मज़ा आ रहा था।कार हवा से बातें कर रही थी।
मैं एक ट्रक को ओवर-टेक कर रहा था।अचानक मेरे सामने के शीशे से कुछ टकराया और तेज आवाज हुई।मैं एक पल के लिये हड़बड़ाया मगर अगल-बगल ज़रा भी जगह नही होने के कारण मैने उधर ध्यान देने की बजाय ध्यान गाड़ी चलाने पर ही रखा और थोड़ा आगे जाकर गाड़ी रोककर देखी तो सामने के शीशे मे ठीक मेरे चेहरे के सामने कांच पर मात्र एक ईंच का क्रेक आया है।मैने काफ़ी सोचा कि ऐसा कैसे हो सकता है।तब सुशील ने कहा चलो मान कर चलें कि कोई बड़ा संकट टल गया।उसने कहा अगर जहां आवाज आई थी वंहा शीशा क्रेक होने की बजाय टूट जाता तो?
सच मे एक पल के लिये मै कांप गया।तेज़ रफ़्तार कार और ट्रक से ओवर टेक करते समय अचानक शीशा टूटा होता तो शायद हड़बड़ाहट मे बहुत गड़बड़ हो जाती।तभी मुझे पर्स मे रखे हनुमान कवच का खयाल आया।मैने मन ही मन बजरंगबली की जय कहा।तब-तक आई(माताजी)शीशा उतार कर कहने लगी अरे जंगल मे क्यों रोक कर खड़े हो।देर हो रही है।मै कहा चल रहे है और फ़िर से सफ़र पर निकल पड़ा।पर बहुत से सवाल मेरे मन मे उमड़-घुमड रहे थे।क्यों कार का शीशा टूटा नही?क्यो कार के शीशे मे सिर्फ़ क्रेक आई?आखिर क्या टकराया था शीशे से?क्यों घर से निकलते समय मैंने हनुमान कवच पर्स मे रखा?हनुमान कवच महिने भर से घर पर रखा था,क्यो उसे मैने धारण नही किया?क्या हनुमान जी ने मेरी रक्षा की?क्या ये महज़ इत्तेफ़ाक था?क्या ये मेरी आस्था थी?य फ़िर सिर्फ़ अंधविश्वास?वैसे कार के सामने के शीशे मे मात्र एक ईंच का वो क्रेक बैठने वाले के ठीक चेहरे के सामने आया है।