हर चुनाव में नतीजे चाहें जो आए बदनाम होते आ रही है, साड़ी, गड्डी और चेपटी। चेपटी यानी दारू की चपटी बोतल। बताइये भला चुनाव जीतने वाला जीतता है, हारने वाला हार जाता है और लोग गालियां बकते हैं गड्डी और चेपटी को। चेपटी में बिक गए, गड्डी में बिक गए। यानी मतदाता बिकाऊ और कीमत चेपटी। सालों से चुनाव के बाद की समीक्षाओं में गड्डी, चेपटी को राजनीति में आई गिरावट का अहम कारण माना जाता रहा है।
साड़ी, गड्डी और चेपटी, हर चुनाव में चलती है, ये सभी जानते हैं, मगर खुलेआम नहीं, चोरी छिपे। शायद इसलिए वो बदनाम है और उसे अवैध नाम भी दिया जाता है क्योंकि चोरी छिपे जो भी काम होता है वो अवैध होता है। वैध तो वही काम होता है जो खुलेआम किया जाता है। वैध यानी खुलेआम दिया जाने वाला काम यानी पैकेज, प्रोजेक्ट। वैध यानी बड़े लोगों द्वारा बड़े लोगों के साथ, बड़े-बड़े लोगों के लिए किया जाने वाला कारोबार। हजारों करोड़ रूपये के प्रोजेक्ट के बदले राष्ट्रपति चुनाव में दीदी से उनकी पार्टी के वोटों का थोक में सौदा चल रहा है। सारा देश देख रहा है। डील में हां-हां, ना-ना का तमाशा सब देख रहे हैं। वो बिना दांत और नाखूनों वाला बूढ़ा रिटायर शेर यानी चुनाव आयोग भी।
मजाल है देश के प्रथम व्यक्ति के लिए होने जा रहे चुनाव में हो रही खुल्लम खुल्ला डील के खिलाफ कोई कुछ भी बोले। देश का सबसे बड़ा चुनाव और उसमें सौदेबाजी भी सबसे बड़ी। छोटे-मोटे ग्राम पंचायत के पंच-सरपंच के चुनाव में किसी के घर, खेत खलिहान से अगर चेपटी-चापटी मिल गई तो हो जाता है उसका काम तमाम। जेल तक की हवा खिला दी जाती है। और अभी हाल ही में हुए कुछ राज्यों में विधानसभा के चुनावों के दौरान करोड़ों रूपये नगद जब्त किये गए। चुनाव सम्पन्न हो गए। सरकारें बन गई। मगर जांच पता नहीं कौन कर रहा है, आज तक उन रूपयों के मालिकों के बारे में पता नहीं चला।
शराब का जखीरा पकड़ाये या नोटों का भंडार। सिवाय जब्ती के और कोई कार्रवाई आज तक नजर नहीं आई। फिर जब कुछ करना ही नहीं होता तो काहे को चोचले दिखाना। फिर ये साड़ी, गड्डी और चेपटी तो अब लोकल इश्यू रह गया है। अब तो नेशनल इश्यू सामने आ गया है। हजारों करोड़ रूपयों के प्रोजेक्ट, पैकेज की डील हो रही है खुलेआम राष्ट्रपति चुनाव में वोटों के लिए। है कोई माई का लाल जो कार्रवाई करे। अगर नहीं कर सकते तो हर चुनाव में गरीब वोटरों को त्यौहार मनाने का मौका देने वाली साड़ी, गड्डी और चेपटी को बदनाम करना बंद कर दो।
Showing posts with label mamta benarjee. Show all posts
Showing posts with label mamta benarjee. Show all posts
Wednesday, June 13, 2012
Tuesday, November 8, 2011
अब मारा तो मारा, अब मार कर देख
अब मारा तो मारा, अब मार कर देख। यही सार है आज की तृणमूल कांग्रेस और प्रधानमंत्री के बीच हुई बैठक का। बंगाल की शेरनी दहाड़ी, बंगाल की शेरनी गरजी, और जाने क्या क्या कहा गया। बंगाल की शेरनी ने रॉयल बंगाल टाइगरों की पूरी फौज भेज दी थी दिल्ली। रॉयल बंगाल टाइगर भी दहाड़ते गरजते दिल्ली गये और वहां टेडी बीयर से भी नाजुक और नर्म प्रधामंत्री से मिलकर म्याऊँ म्याऊँ करते नजर आए। सारे देश को उम्मीद थी कि बंगाल के शेर गरीबों का भला करके रहेंगे। और फ्री ऑफ कॉस्ट भरपूर पब्लिसिटी देने वाले मीडिया ने तो बंगाल के रंगे हुए सियारों को शेर बता बता कर सारे देश की उम्मीद जगा दी थी। लेकिन हुआ वही जो होना था। तीन दिन की नूरा कुश्ती के बाद दोनो पहलवान अपनी अपनी जीत का दावा करते हुए अपने घर चले गये और टक-टकी लगा कर मैच देखने वाली जनता ठगी की ठगी रह गई। उसके हिस्से में कुछ नही आया अगर आया भी तो खखवाई, खिसियाई बिल्ली का मरा आश्वासन। जनता के सामने बिल्ली ने एक बार फिर खुद के शेर होने का दावा करते हुए कहा कि अब मारा तो मारा अब मार कर देख। और अगर अगली बार दिल्ली की सरकार जनता को फिर मारती है तो भी शायद बंगाल की बिल्ली यही कहेगी कि अब मारा तो मारा अब मार कर देख। सार यही है कि दिल्ली की सरकार दाम बढ़ाते रहेगी। बंगाल की सरकार या कोई और सेट पार्टी दहाड़कर जनता का ध्यान बटाते रहेगी। सब मिलकर एैश करते रहेंगे और जनता हांथ मलती रहेगी।
Friday, February 25, 2011
बजट फ़जट छोड़ो ममता जी दम है तो नक्सल इलाकों मे रात को रेल चला कर दिखाओ!
रेल बजट पेश हो गया हर साल की तरह!कई नई रेल,कई रेलों के फ़ेरे बढे,रेल सुरक्षा इंतज़ाम पर विशेष ध्यान,यात्री सुविधाओं का विशेष खयाल,कई नये आश्वासन और बजट के पिटारे से निकले कई झुनझुने भी निकले होंगे।कुछ ने तालियां बजाई होंगी तो कुछ ने गालियां बकने मे कोई कसर नही छोड़ी होगी।सब कुछ वैसा ही हुआ जैसा पिछले साल हुआ था और उस्के पिछले साल हुआ था और उसके पिछ्…………………॥कुछ भी तो नही बदला है रेल बजट पेश करने की औपचारिकता सालों से वैसी ही चली आ रही है। अफ़सोस की बात तो ये है कि बजट पेश होने के बाद बधाई से लेकर प्रतिक्रिया तक़ मे इस बात का ज़िक्र तक नही आया कि हमारे इस आज़ाद मुल्क में एक इलाका ऐसा भी जंहा रात को रेल चलाने का दम किसी माई के लाल में नही है।जी हां लाल आतंक के गढ से रात को रेल नही गुज़राती।और कोई एक दिन दो दिन की बात नही है,ऐसा महिनों से हो रहा है।इस बारे में बंगाल की रेल मंत्री ममता जी को शायद ही पता हो कि उनके प्रिय बंगाल की राजधानी कोलकाता के हावड़ा स्टेशन से व्हाया नागपुर मुम्बई के लिये रात को कोई रेल नही चलती।रातों को वंहा से छूटने वाली रेलों को आज महिनों से सुबह छोड़ा जा रहा है।है कोई माई का लाल जो आतंक के लाल इलाके से रात को रेल चला के दिखा दे? बाते तो बड़ी बड़ी बहुत लोग कर चुके हैं रेल मंत्री जी मगर क्या आप अपने ही देश में एक खास इलाके से रात को रेलों के संचालन पर अघोषित रोक लगाने का कारण बता सकती हैं?इस रूट की एक ट्रेन को सुबह एक स्टेशन पर तीन-तीन घंटे जबरन रोका जाता है।रायपुर में हावड़ा से मुम्बई की ओर जाने वाले सभी रेल सात से आठ घण्टे देरी से आती है।यही हाल मुम्बई से हावड़ा जाने वाली रेलों का भी है।अब तो इस इलाके के लोगों ने मान लिया है कि रेल मंत्रालय ने बिना टाईम टेबल बदले रेलों का समय चोरी-छीपे बदल दिया है। ये हमारा देश है भाई!अगर हम यंहा अपनी ही रेल नही चला सके तो क्या बंगला देश और चीन मे जाकर चलायेंगे?ये हाल है ममता मैडम आपकी रेल व्यवस्था का!नक्सलियों के सामने महिनों से घुटने टेके हूये है और आप हैं कि बिना किसी शिकन के रेल बजट पेश कर आई।ममता जी आपके प्रदेश,झारखण्ड और बिहार के उस इलाके मे आपके रेल मंत्रालय को नक्सलियों ने दो वारदात करके चुनौती क्या दी आपने उन इलाकों से रात को रेलों के गुज़रने पर ही पाबंदी लगा दी।क्या ये एक स्वतंत्र लोकतांत्रिक देश की व्यवस्था है?छोड़िये आपको एक बात और बता दूं।बस्तर के नस्कल इलाके में रेल के पहिये नक्सलियों के इशारे पर ही घूमते हैं।किसी रेल मंत्री या रेल अफ़सर के इशारे पे नही।नक्सलियों ने बंद की घोषणा की नही कि रेल थम जाती है।जाने दो क्या-क्या बतायें आपको?आपको तो वैसे भी बंगाल का मुख्यमंत्री बनने में दिल्चस्पी है और उसके लिये आप ग्राऊण्ड रेल मंत्रालय के ज़रिये बना रही है।ठीक है जो मन मे आये वो करिये लेकिन ये तो बताईये कि मुम्बई-हावड़ा व्हाया नागपुर रेलें रात को कब अपने समय पर हावड़ा से छूटेंगी?
Labels:
chhattisgarh,
mamta benarjee,
rail budjet,
छतीसगढ,
बंगाल,
बजट,
ममता बैनर्जी,
रेल मंत्री
Subscribe to:
Posts (Atom)