देश के जाने-माने 2 वकीलों की वकालत पर अदालत ने 4 महीनों के लिए रोक लगा दी। पढ़कर अच्छा भी लगा और बुरा भी। अब भला करोड़ों रूपए की रिश्वत एक ही केस में देने वाले वकील की सेहत पर 4 महीने के बेन से क्या फर्क पड़ता है। कौन-सा वो रोज कमाता और खाता है।
वैसे भी इस देश में कड़ी सज़ा भुगतने का टेण्डर गरीबों के नाम लिखा हुआ है। फिर गरीबी से बढ़कर और कोई सज़ा क्या हो सकती है। जिसे भगवान गरीब बनाकर सज़ा दे दे, उसे तो सज़ा भुगतते ही रहना है। बड़े लोगों पर तो ईश्वर की कृपा होती है। अगर उन पर ईश्वर की कृपा नहीं होती तो वे इस समाज में सर्वसुख साधन संपन्न कैसे होते। सभी जानते हैं इस बात को और जिस पर ईश्वर की कृपा हो उसे सज़ा देकर ईश्वर की नाराजगी कौन मोल लेगा।
अब उन गरीबों लोगों को ही ले लो, जिनके पास खाने को पैसा नहीं होता। वे अगर सफर करें भी तो उनके पास टिकट के लिए पैसे नहीं होते। घटिया पैसेंजर रेलों के जनरल बोगी में टॉयलेट के आसपास बैठकर किसी तरह नजदीक के गाँव जाने के लिए जाते समय अगर वे टिकिट निरीक्षक के हत्थे चढ़ते हैं तो सीधे जेल ही जाते हैं। और उसी रेल में ऊँचे दर्जों में सफर करने वाले तत्काल बटुवा निकाल टिकिट बनवा लेते हैं। अब बताईए भला जिसके पास टिकिट खरीदने के लिए पैसा ही नहीं है वो जेल जाए और जिसके पास पैसा है और टिकिट न खरीदे वो रसीद कटवाकर सफर करता है, क्या ये गरीबी और अमीरी का फर्क नहीं है।
मामला यहीं तक नहीं सीमित रहता। मेरे अपने ही शहर के कई मामले ऐसे ही जो हर शहर में होते हैं। कोई बड़ा डॉक्टर, नेता, अफसर या रसूख वाला गुण्डा, बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ता है और उसे जमानत नहीं मिलती तो वो अचानक गंभीर रूप से बीमार हो जाता है। और तब तक बीमार रहता है जब तक उसकी जमानत नहीं हो पाती। जेल जाने की बजाय वो अस्पताल के पेइंग वार्ड में जमानत के इंतज़ार में अपने सगे-संबंधियों से मिलता रहता है। दूसरी ओर भगवान का सताया गरीब होता है जो रात को कहीं जाते वक्त पुलिस वालों के हिसाब से संदिग्ध होने के कारण प्रतिबंधात्मक धाराएँ 109, 151 के तहत बुक होकर अदालत पहुँचता है। रूपया पैसा न होने के कारण न उसे जमानत मिलती और न ही वो बीमार होकर किसी अस्पताल में फाइव स्टार सुविधा का लाभ ले पाता है। वो जाता है सीधा जेल क्योंकि उसको तो सबसे बड़ी सज़ा गरीबी भगवान ने दे रखी है। अब फिर भगवान के सताए आदमी की मदद कर भगवान से दुश्मनी कौन लेगा ?
और भी बहुत कुछ है कहने को। सड़क पर खड़े रिक्शे के पहिए की हवा निकालते पुलिसवाले हर जगह दिख जाते हैं। मगर क्या कभी किसी पुलिस वाले को किसी ने किसी लंबी चौड़ी कार के पहियों की हवा निकालते देखा है। डंडा भी पुलिस का अक्सर देखकर चलता है। कोटवार, पटवारी, तृतीय वर्ग कर्मचारी इनकी हड़ताल पर ये बेमुरव्वत चलता है लेकिन बड़े नेताओं की रैली में सरकारी आदेश के बावजूद बड़े नेताओं को छोड़ छोटे कार्यकर्ताओं को ही सिलेक्ट करता है।
अब संजय दत्त को ही ले लो, छोटी-मोटी बंदूक या देसी कट्टा नहीं रखा था उसने। और जिनके साथ उसके संबंध थे वे भी कोई छुटभैय्ये नहीं थे । बड़े धमाके करने वाले आतंकवादी थे। अब एक ही मामले में कुछ लोग आतंकवादी और संजय दत्त आतंकवादी नहीं तो इसे तो ईश्वरीय कृपा ही मानी जाएगी। क्योंकि बाकी तो रूपए लेकर खून बहाते थे और संजू बाबा तो शौक के लिए बंदूक रखते थे। बाकी लोग तो अपराध की दुनिया में रोजी-रोटी के लिए आए थे वो भी इसलिए क्याेंकि गरीबी से त्रस्त थे। और संजू बाबा वो तो गरीब नहीं था। सोने का चम्मच मुंह में लेकर पैदा हुआ था। अब इस पर ईश्वर मेहरबान हो तो वो गधा कैसे हो सकता है। गधे तो गरीब है।
छोटी-मोटी दुर्घटनाओं में अच्छा वकील नहीं मिलने पर जेल काटने वाले अक्सर छोटे-मोटे गरीब ड्राइवर ही होते हैं। बड़ी-बड़ी गाड़ियों में चलने वाले बड़े-बड़े लोगों के बड़े-बड़े वकील होते हैं। वे बड़ी-बड़ी रिश्वत देते हैं मगर उन्हें सज़ा बड़ी नहीं मिलती। कारण उन पर ईश्वर की कृपा है। शायद उनकी महलनुमा कोठी में अलग से मंदिर होगा जिसमें कोई पंडित उनकी जगह पूजा करता होगा और सारा पुण्य वे लेते होंगे ठीक वैसे ही जैसे उनका जूनियर उनकी जगह खड़ा होता है और फीस वे लेते हैं। उनके यहां पूजा भी आधुनिक भगवान नगद नारायण और असत्यनारायण की होती है। और जिन पर नगद नारायण और असत्यनारायण की कृपा हो उन पर भला क्या ऑंच आएगी ? किसी गरीब को 4 महीने से काम से बेदखल करते तो शायद वो रोजी-रोटी के लिए तरस जाता। वो कहलाता डंडा। अब जिनकी कमाई करोड़ों में हो उनके लिए 4 महीने का बेन हो सकता है उन्हें वर्ल्ड टूर पर जाने का मौका दे दे। बोलो नगद नारायण की जय। बोलो असत्यनारायण की जय। अमीरी की जीत हो, गरीबी का सत्यानाश हो।