बहुत से सवाल मेरे दिमाग मे बवाल मचाये हुये हैं।बहुत सोचा इस मामले मे ना लिखूं।फ़िर लगा क्यों ना लिखूं।दूसरो को नंगा करने मे तो बड़ा मज़ा आता है,और जब अपनी बारी आई तो…………।इस उधेडबुन मे दो दिन गुज़र गये और आखिर मुझे लगा ये कड़ुवा सच भी सामने आना चाहिये कि अधिकांश पत्रकार एक मृत संपादक को श्रद्धांजलि देने लायक भी नही समझते?
कुमार साहू छत्तीसगढ के लिये नया नाम नही है।वे आज़ादी के साथ यानी सन 47 से पत्रकारिता से जुड़े थे।सीधे-सादे पत्रकार के साथ-साथ वे आम आदमी का भी प्रतिनिधित्व करते थे।पिछले साल बीमारी से लम्बे संघर्ष के बाद उन्होने इस दुनिया से मुंह मोड़ लिया था।उनकी पहली पुण्यतिथी पर उनके पुत्र अनुपम ने एक कार्यक्रम प्रेस क्लब मे करने की इच्छा जताई।मै उस समय खामोश रहा।मुझे पता था श्रद्धांजलि कार्यक्रम मे लोग आते नही है।फ़िर मैने अनुपम से कुछ लोगो को आप बुला लेना।उसने कहा हां। और कार्यक्रम तय हो गया।
फ़िर हुआ वही जिसका मुझे ड़र था।लोग नदारद थे।कुमार साहू अपने समय के जाने माने पत्रकार रहे हैं।उन्होने कईयों को कलम पकड़ना सिखाया,कईयों को नौकरी दी,कईयों की नौकरी बचाई और कईयों को पत्रकार बनाया।वे पत्रकारिता के स्कूल थे।उनकी भाषा पर जबरदस्त पकड़ थी और अच्छे साहित्यकारो मे भी उनकी गिनती होती थी।एक नही चार पुस्तके उनकी प्रकाशित हो चुकी हैं।कहने का मतलब ये कि वे नये नही थे और छत्तीसगढ के सबसे बड़े अख़बार नव-भारत के संपादक रह चुके थे।
इसके बाद उनकी श्रद्धांजलि सभा मे उंगली पर गिनने लायक पत्रकारो को देखा तो मुझे दूसरो से ज्यादा खुद पर अफ़सोस हुआ।उस समय लगा क्या वाकई हम लोग पत्रकार कहलाने लायक हैं।किसी नेता या बड़े व्यापारी या प्रभावशाली व्यक्ति की शवयात्रा मे ढेरो पत्रकार नज़र आ जाते हैं।उन लोगो की भी जिन्के परिजन उन्हे जानते तक़ नही और यंहा हमारे ही परिवार के बुज़ुर्ग कुमार साहू को श्रद्धा सुमन अर्पित करने के लिये उनके पास समय नही।
वरिष्ठ पत्रकारो के नाम पर शंकर पाण्डेय,गिरिश पंकज भर बस मौजूद थे।मै तो अध्यक्ष होने के नाते था ही बाकी नज़र ड़ालो तो सब नये पत्रकार्।उनमे से भी आधे से ज्यादा इलेक्ट्रानिक मीडिया के।उनमे से अधिकांश ने कुमार साहू को देखा तक़ नही था।काम तो खैर मैने भी उनके साथ नही किया था लेकिन उनसे मेरा संबंध अच्छा था।प्रेस क्लब के एक कार्यक्रम मे मुख्यमंत्री से पत्रकारो की पेंशन योजना के बारे मे बात करने के बाद उन्होने फ़ोन कर मुझसे कहा था। हम लोगो को तो इसका लाभ नही मिलेगा लेकिन तुम इसे लागू करवाओ।बहुत से पत्रकारो की हालत बहुत खराब है।उनका भला हो जायेगा।उस समय वे बीमार थे और उनकी आर्थिक स्थिति भी बहुत अच्छी नही थी,मगर उनका दूसरे साथियो के बारे मे खयाल रखना उनकी अच्छाई का सबूत था।
श्रद्धांजलि सभा मे सभा मे अगर अनुपम के परिजन,साहूजी के कुछ पुराने गैर-पत्रकार साथी और नये नवेले पत्रकार नही होते तो शायद उससे शर्मनाक और कुछ नही हो सकता था। और नये पत्रकार भी किसी राजनैतिक पार्टी के कार्यक्रम मे जुटाई गई भीड़ की तरह मैने डांट-डपट कर हाल मे इकट्ठा किये थे।सभा मे कौन क्या कह रहा था,मुझे कुछ समझ मे नही आ रहा था।मैने इशारे-इशारे मे लोगो की कम उपस्थिति पर नाराज़गी जाहिर ज़रूर की लेकिन मुझसे ज्यादा हिम्मत वाला निकला एहफ़ाज़ रशीद्।वैसे,जैसे ही वो बोलने के लिये आगे आया मुझे आशंका हुई थी कि वो ज़रूर उनके साथ काम करने वालो को घसीटेगा,मगर इस बार उसने बिना किसी का नाम लिये वो सब कह दिया जो कहना ज़रूरी था।कार्यक्रम के समापन पर आभार व्यक्त करते समय कुमार साहू के पुत्र अनुपम का गला एक नही दो-तीन बार भर आया और हम सब का मन भी।तब से सोच रहा था कि अपनी बिरादरी की इस बेरूखी को सबके साम्ने रखूं या नही और आखिर दिल नही माना तो मन को बेचैन कर रहे गुबार को आपके सामने रख रहा हूं।सही किया गलत मै समझ नही पा रहा हूं,आप को क्या लगा बताईयेगा ज़रूर्।