Showing posts with label govr college of science raipur. Show all posts
Showing posts with label govr college of science raipur. Show all posts

Wednesday, July 3, 2013

के खुदा के बाद्…………अबे पागल समझ रखा है ?खुदा के पहले लिख,खुदा के पहले,

चुन्नू की चिट्ठी पकड़ाने के बाद का किस्सा तो आप सब सुन चुके हैं,अब मुसीबत की जड़ उस चिट्ठी यानी लव लैटर का किस्सा भी सुन लिजिये।चुनाव प्रचार मे सभी क्लास मे जाना हो रहा था और लड़को के लिये स्वर्ग से भी कई गुना इंट्रेस्टिंग गर्ल्स कामन रूम के भी दर्शन दिन मे कई-कई बार हो रहे थे।जो लड़किया देखते ही मुंह बिद्का लेती थी वो भी मज़बूरी मे मुस्कुरा कर कहती थी ठीक है आप ही को वोट देंगे।भले ही मन ही मन हज़ारो लाखों गालिया देकर कह्ती होंगी कमीने कितने शरीफ़ बन रहे हैं,इंकार करेंगे तो यहीं से छेड़खानी शुरू कर देंगे।
हमेशा से सूखाग्रस्त रहे साईंस कालेज के छात्रो पर उस साल शायद भगवान प्रसन्न थे।उस साल ढेरो लड़कियो ने कालेज मे एड्मिशन लिया था।कालेज मे अब बहार नज़र आने लगी थी।सालो से सूखे से पीड़ीत छात्रों को अंखिया तर करने बगल से लगे यूनिवर्सिटी कैम्पस जाना नही पड़ रहा था।माहौल खुशनुमा था और ऐसा मे संभावना काफ़ी बढ गई थी।
तो मैं बात कर रहा था चुन्नू की चिट्ठी की।सारे दोस्त एक साथ निकलते थे प्रचार के लिये।हमने एक दम नया केंडीडेट खड़ा किया था।होस्टल से साईंस कालेज के इतिहास मे पहली बार कोई लड़का अध्यक्ष पद के लिये चुनाव लड़ रहा था।आनंद भल्ला अलाल टाईप का था(आज कल सरकारी विभाग मे भूजल वैज्ञानिक है)।आनंद के प्रचार मे हमारा पूरा ग्रुप पूरी ताक़त से जुटा हुआ था।
एक दिन प्रचार के दौरान ही अचानक चुन्नू उखड़ गया।वो बोला ये प्रचार वचार तो चलता रहेगा मेरा क्या होगा पहले तय हो जाय?सब बोले ये क्या बात है,कोई कुछ नही बोल रहा है और तू लफ़ड़ा कर रहा है?वो अड़ गया था उस दिन।बोला पहले मेरा डिसाईड करो फ़िर आगे की बात होगी?हार कर मैने पूछा कि ये क्या बात है?तू चाहता क्या है?वो बोला गुरुदेव आप तो दूर ही रहो।खुद बजरंगबली के भक्त हो गये हो इसका मतलब ये नही सब लाल लंगोट कस ले?मै भड़का,अबे इसमे बजरंगबली को क्यो घसीट रहा है।वो बोला आज डिसाईड करो मुझे क्या मिलेगा?वरना मै चला दूसरी पार्टी में।अब तक़ सब गरम हो गए थे बोले साले फ़िर लात खाने की तैयारी कर रहा है तू।वो बोला मै डरने वाला नही हूं?
सब समझ गये थे कि घोड़ा अड़ गया है।कालेज के पिछवाड़े बने होस्टल मे सब वापस लौटे,और वहां मैने गुस्से से उससे पूछा ये क्या हरकत है?वो बोला गुरूदेव एक तो मुझसे प्यार से बात होनी चाहिये और?और क्या बे?मैं भड़का।तो फ़िर वो बोला देख यार बल्लू।मै बोला बल्लू,बल्लू क्या कर रहा है सीधे-सीधे बता।वो बोला गुरुदेव आप नही समझोगे?अब तक़ मेरी खोपड़ी खसक गई थी,मैं बोला बताऊ तेरे को।वो फ़िर बोला इसिलिए तो अपन हारते हैं,प्यार से तो बात करते नही हो किसी से।मै उससे बोला मेरा भाई चुन्नू तू ये बता दे कि तू चाहता क्या है?वो बोला पहले सब प्रामिस करो कि मेरा काम करोगे।सब बोले प्रामिस्।वो फ़िर बोला कि कोई बात को पोकेगा(लीक नही करेगा)नही।सब बोले ठीक है।अब बता?तो वो बोला सब को चुनाव जीतने के बाद कोई न कोई पोस्ट मिल जायेगी?सब बोले फ़िर।वो बोला मुझे पोस्ट वोस्ट नही चाहिए।तो।मुझे एक गर्ल फ़्रेंड चाहिए।क्या?मै भड़का,बताता हूं बेटा घर में।वो बोला गुरुदेव प्रामिस कर चुके हो पोकोगे नही।आप को गर्ल फ़्रेंड नही चाहिए मत लो लेकिन दूसरो को मत मना करो।मै बोला गर्ल फ़्रेंड़ क्या दुकान मे मिलती है।वो बोला चुनाव लड़ रहे है,बहुत सी लड़किया नई आई है।उनको अपने बारे मे पता चले इससे से पहले एकाध सेट हो जाए तो क्या बुरा है।कौन सेट करेगा।वो बोला शकील की इमेज अच्छी है दो बार चुनाव हार चुका है।लड़किया उससे बात भी करती है।
अब शकील भड़क गया।वो बोला देख बे चुन्नू मै तेरे लफ़डे मे आने वाला नही।इससे पहले दोनो उलझते मैनें बीच-बचाव किया और बोला आखिर इस माम्ले का हल क्या है।चुन्नू तपाक से बोला गर्ल फ़्रेंड्।मैने उसी से पूछा,तू ही बता किससे दोस्ती करना चाहेगा तू?वो बोला किसी से भी।अबे कोई तो होगी वो बोला कोई भी चलेगी।फ़िर लड़कियों के नाम गिनाने शुरू हुए।वो बोला अपनी कोई च्वाईस नही है,बैगर्स आर नाट द चूसर्स्।जो तैयार हो उससे बात कर लो।जो तैयार हो मतलब?अरे यार गुरुदेव ये प्यार की बात आप नही समझोगे।अब थोड़ा माहौल सुधर गया था।मै बोला चुन्नू ये बता किसी भी लड़की को बोलना तो पड़ेगा ना कि चुन्नू तुम्हे पसंद करता है।वो बोला हां।तो फ़िर किसी भी लड़की को बोल दे बाकी हम लोग देख लेंगे।
चुन्नू बोला गुरुदेव अगर मै बोल सकता तो आप लोगो के पीछे थोड़े ही घूमता।मै बोला अबे बोलना तो पड़ेगा ना।तभी बल्लू(बलबीर) बोला एक काम कर चून्नू तू लैटर लिख कर दे दे।वो खुश हो गया,बोला बात तो तू दिमाग की कर रहा है,मगर मुझे लैटर लिखना नही आता।बल्लू ने फ़ौरन अपनी सेवा देने की पेशकश की।इस पर चुन्नू ने इंकार कर दिया।वो बोला तुम साले ट्रक ड्राईवर टाईप लैटर लिखोगे और मेरी इमेज निपट जायेगी।तो।वो बोला शकील लैटर लिखेगा।शकील बोला मै क्यो लिखूंगा बे।वो बोला सोच ले बेटा उस दिन जो तू बता रहा था मै वो अभी सब को बता दूंगा।शकील इतना सुनते ही फ़ट से तैयार हो गया।वो बोला मैं घर से लिख कर कल ला दूंगा।
चुन्नू बोला कल वल नही अभी लिख्।सबने कहा, लिख यार झंझट खतम कर्।शकील बोला किस के नाम लिखूं।चुन्नू बोला नाम छोड़,नाम बाद मे डिसाईड कर लेंगे।तू लैटर लिख लैटर। अब शकील मियां लैटर लिखने लगे।उसने लैटर को रोमेंटिक ट्च देने के लिये एक शेर लिखा।
दिल की महफ़िल में वो मुकाम है तुम्हारा,
के खुदा के पहले लब पे नाम है तुम्हारा।
शेर सुनते ही पूरी। टीम वाह-वाह करने लगी,मगर चुन्नू खामोश था।सब बोले क्या बे इतना बढिया शेर है तेरे को अच्छा नही लगा क्या?वो बोला इस साले शकील पे मुझे पहले ही डाऊट था।ये चाहता ही नही है कोई लड़की मुझसे पट।शकील बोला भाई इतना बढिया शेर लिख रहा हूं और तू………………उसकी बात बीच मे ही काट कर चुन्नू बोला। अबे उर्दू नही आती तो क्या?थोड़ा बहुत मै भी समझता हूं।क्या लिखा है तुन्रे खुदा के बाद लब पर नाम है तुम्हारा।अब ये बता कौन सी लड़की किसी के बाद नाम लेने से खुश होगी?एकदम ही पैदल समझ लिया है क्या बे?शकील बोला भाई वो तो शेर है यार जैसा शायर ने लिखा।उसकी बात काट कर चुन्नू बोला तू लिख कि खुदा के पहले लब पर नाम है तुम्हारा।शकील बोला अबे शेर मे करेक्शन करवा रहा है।वो बोला जो मै बोल रहा हूं वो फ़ायनल।सब बोले ठीक है कर दे न बे शकील शेर मे करेक्शन।और करेकशन के बाद चुन्नू लैटर घर ले गया ।सुबह तक़ सोच कर उसमे
नाम लिखने के लिये।सुबह उसके उठने के पहले अम्माजी ने कमीज धोने के लिये डाली तो उसकी जेब से लैटर निकल आया।कमीज तो बाद मे धुली पहले चुन्नू की धुलाई हो गई।।कैसा लगा पढ कर बताईगा ज़रूर्।

Tuesday, July 2, 2013

अबे शकील तू घर मत आना!अम्माजी ने लैटर पकड लिया है!

कालेज के किस्से आपसे बांटने की इच्छा बहुत दिनो से ज़ोर मार रही थी,सो आज एक बढिया किस्सा बता रहा हूं।बात कालेज के हमारे अखिरी साल की है। चुनाव हमारे बीच से शकील ही लड़ा करता था और हम दोस्तों की अच्छी ईमेज की वजह से कभी जीत नही पाया था।सो उस साल केंडिडेट बदल दिया गया और शकील अब प्रचारक बन गया था।
चुनाव-प्रचार जोर-शोर से चल रहा था।सारे दोस्त कालेज के होस्टल नं तीन मे इकटठा होकर एक साथ निकलते थे।उस दिन भी सभी जमा हो गये थे बस चुन्नू नही पहूंचा था।देर भी हो रही थी।उसके घर मे फ़ोन लगाकर पूछने की हिम्मत भी किसी मे नही थी।सबने फ़ैसला किया थोड़ी देर बाद चाचाजी(चुन्नू के पिताजी,अब स्व) के दफ़्तर के लिये निकलने के बाद फ़ोन लगा कर पूछ लिया जाएगा,तब-तक़ सब प्रचार के लिये निकलते हैं।
तभी होस्टल के गेट पर यूनिवर्सिटी जाने वाली दीदीयों(जो उम्र मे बड़ी हो) भाभीयों(जो सीनियरो को पसंद हो)और नान दीदीयो(जिनमे वे अपने लिये संभावनायें ढूंढते थे) को दूर से ही रोज़ की तरह विदा करने वाले कुछ साथियो ने वंहा से चिल्ला कर बताया चुन्नू आ रहा है। चिल्ला कर इसलिये बताया कि उसके दो फ़ायदे थे।पहला सड़क पर जा रही प्रोबेबिलिटी का ध्यान खिंचा जाता और दूसरा वहां से हट जाने पर किसी को अटैण्ड नही कर पाने से शार्ट अटेंडेन्स का खतरा भी नही था।
खैर जैसे चुन्नू अंदर पहूंचा सारे के सारे पिल पडे उस पर्। ढेरों गालिया खाने के बाद उसे देर से आने की सफ़ाई देने का मौका मिला तो उसने सबसे पहले शकील की ओर देखा और कहा भाई तू मेरे घर मत आना बस्।सब हैरान आखिर शकील ने ऐसा क्या कर दिया कि चुन्नू उसे घर आने से मना कर रहा है।उन दिनो रोज़ एक-दुसरे के घर आना जाना होता था।
सबसे पहले मै उस पर भड़का ये क्या बदतमीजी है क्या गलत किया है शकील ने।एक तो साले देर से आया है उपर से धमकी-चमकी?तब चुन्नू ने कहा कि मामला दूसरा है।दूसरा कौनसा मामला बे?अचानक बल्लू(बलबीर) उसपर भड़का। अब चुन्नू भी भड़क गया,बोला रुक जा बेटा इस बार तो शकील का नाम लिया हूं अगली बार तेरा ही नाम लूंगा। अब बारी थी शकील की,वो बोला मै क्या किया हूं बे जो मेरा नाम घसीट रहा है?बहस को रोक कर मैने उससे पूछा चुन्नू मेरे भाई आखिर हुआ क्या है?
तब चुन्नू बोला अरे कुछ नही गुरुदेव(चुन्नू आज भी मुझे गुरुदेव ही कहता है)।थोड़ा गड़बड़ हो गई इसलिये तो आने मे देर हो गई।मै बोला वो तो हम लोग समझ गये हैं,गड़बड़ क्या हुई है ये बता।सब सन्नाटे मे थे क्योंकी चुन्नू मुसीबत का दूसरा नाम था।वो बोला कल जो मैने उस वाली(नाम नही लिख पा रहा हूं)के लिये लैटर लिखवाया था ना,सब बोले हां आगे बोल।वो बोला,लैटर घर मे पकड़ा गया।अब तो सबको सांप सूंघ गया।बात अब सबके घर तक़ पहूंचनी थी और सबकी चुनाव के बहाने चल रही मस्त आज़ादी खतरेमे तो थी मार खाने का भी इंतज़ाम दिख रहा था।सब्के सब एक साथ उस पर चिल्लाए मरवा दिया साल्ल्ले।वो बोला मरवाया नही सब्को बचाया हूं।सबने पूछा कैसे?तो वो बोला मैंने अम्माजी को पटा कर बता दिया कि ये लैटर मेरा नही है शकील का है।मै बोला साले अम्माजी सब के घर मे बता देग़ी तो?वो बोला गुरुदेव अपन कच्ची गोली नही खेले है इसिलिए तो शकील का नाम ले दिया हूं।
अब शकील गरम हो गया।वो बोला मैने तेरा क्या बिगाड़ा था बे?वो बोला देख भाई मुझे अपना कालेज आना बंद तो नही करवाना था,किसी न किसी का तो मैं नाम लेता ही ना।शकील बोला मेरा ही नाम क्यो लिया कमीने?वो बोला तू क्या समझता है कि मेरी बात पर अम्मजी ने आसानी से विश्वास कर लिया था।मेरी ईंमेज भी अच्छी नही है।बड़ी मुश्किल से मानी,वो भी तब जब मैने उनसे कहा कि देख लो राईटिंग मेरी नही है।तो ?तो क्या अम्माजी ने कहा है ठीक है तू शकील के नोट्स लाकर दिखाना तभी मै मानूंगी।तो?तो क्या साले नोट्स लेने के बहाने बड़ी मुश्किल से छूट कर आ रहा हूं और तुम लोग मेरी ही ऐसी-तैसी कर रहे हो।शकील का बस रोना बाकी था।वो बोला साले चुन्नू तो जो बोलता है मै वो करता हूं।तू ही बोला लैटर लिख दे।मैने लिख कर दिया।सब्ने मना भी किया।मगर मै नही माना और लैटर लिखा और तूने मेरी ईमेज की वाट लगा दी।क्या सोच रही होगी अम्माजी मेरे बारे मे?चून्नू बोला अबे घर मेरा है,अम्मा मेरी है और बेटा तेरे को अपनी इमेज की पडी है।तेरी इमेज नही बिगाड़ता तो मेरा क्या होता पता है ना।अब सब भड़क गये साले अपनी इमेज बचाने के लिये तू किसी की भी ईमेज खराब कर देगा क्या?वो बोला एक-एक करके बोले अभी बहुत मौके आएंगे,जो ज्यादा ताव खाएगा साले का पहला नंबर लगाऊंगा।उसके बाद सब पिल पड़े थे चून्नू पर्।कैसा लगा मेरे कालेज के दिनो का किस्सा बताईगा ज़रूर,ताकी यादो के खज़ाने से निकाल कर कुछ किमती क्षण आप लोगो से बांट सकू।

Monday, July 1, 2013

मधु!सारी रिश्ते्दारी गड़बड़ हो रही है,या तो हम लोगों को भैया बोल या उन लोगों को दीदी

जुलाई शुरू हो गया है और उसीके साथ ही कलेज का सीज़न भी.कल हमारे कालेज के पूर्व अध्यक्ष अंजय शुक्ल का जन्म दिन थ और उनकी याद ने पुराने किस्सो की यादों का तूफान उठा दिया दिमाग में.किस्से हज़ारो है पर दोहरा रहा हूं आज एक किस्सा मेरे एक बेहद खास जूनियर का जिसका दर्ज़ा छोटे भाई से ज़रा भी कम नही था।पेश है किस्सा मधु का।
कालेज मे एक जुनियर था मधु।फ़्रेशर था,एक दिन सीनियरो के चंगुल मे फ़ंसा हुआ था। उधर से हमारा ग्रुप निकला तो मैने उसे छुड़वाया और अपने साथ ले गया।सबने उससे नाम पूछा तो उसने बताया,मधु।सब-के सब हंस पड़े।उसने पूछा,क्यों भैया नाम ठीक नही है क्या?ये मेरा घर का नाम है।वैसे मेरा नाम माधव राव है।हम सब एक साथ बोले मधु ही चलेगा।माधव राव थोड़ा लंबा है।फ़िर सभी तो उल्लू के ऊ ही हैं।चाहे,चुन्नू हो,बल्लू हो या पप्पू।और अब मधु भी चलेगा।
वो बहुत खुश हुआ।उसने पूछा भैया यहां रैग़िंग बहुत होती है और कुछ लोग बहुत तंग करते हैं।मैं उससे बोला आज से तुम्हारी रैगिंग नही होगी।जो तंग करे हम लोगो का नाम बता देना।बस फ़िर क्या था।मधु रोज़ कालेज मे मिलने लगा और उसने अपने कालेज आने का टाईम भी हम लोगो के साथ ही सैट कर लिया।धीरे-धीरे मधू हमारे ग्रुप का सबसे छोटा पार्ट टाईम मेम्बर हो गया। अब वो कुछ खुल गया था और बस मे हम लोगो के कमेण्ट पर खुलकर हंसने भी लगा था।
धीरे धीरे मधु हम सब के लिये छोटे भाई से बढ कर हो गया था,और उसकी हर बात को हर कोई तव्ज्जो देने लगा था।वो जुनियर लड़को का नेता भी बन गया था और आये दिन कुछ न कुछ समस्या लेकर आ जाता था। भले ही कुछ नाराज़गी ज़ाहिर करते थे हम सब मगर थोड़ी देर मे उसका काम कर देते थे।
मधु हम लोगो के खास जुनियर के रूप मे भी पहचाना जाने लगा था। अपने विनम्र स्वभाव से वो कुछ ही मिनटो मे किसी का भी दिल जीत लेता था।जैसे-जैसे मधु पापुलर होने लगा उसकी पहचान सिर्फ़ लड़को तक़ सीमित नही रही,वो लड़कियो मे भी लोकप्रिय हो गया था।उसके बाद उसका समाज-सेवा का काम बढता चला गया।आए दिन वो किसी न किसी लड़की की समस्या लेकर आने लगा।यहां तक़ तो ठिक था,मगर वो बस मे लड़कियो पर कमेण्ट्स करने पर भी टोका-टाकी करने लगा था।
रोज़ वो किसी न किसी को दीदी बना लेता था,और जैसे ही हम लोग बस मे सवार होते,वो पहले ही बता देता,भैया!वो पीली चुन्नी वाली है ना। हां तो।भैया प्लीज़ वो मेरी दीदी है।चला ठीक है मधु कह्ते ही वो खुश हो जाता और जाकर बाकायदा हम लोगो की ओर इशारे करके उन्हे कमेण्ट्स से बच्ने की गारंटी भी दे देता।ऐसा अब रोज़-रोज़ होने लगा था।मधु की दीदीयां बढती ही जा रही थी। हम लोगो का ग्रुप फ़ेमस था अपने हल्के-फ़ुल्के,चुटीले कमेण्ट्स करने के लिए,और ये हम लोगो का शौक भी था।
एक दिन जैसे ही हम लोग बस मे चढे,मधु तैयार बैठा था।वो फ़ौरन बोला भैया,भैया,भैया।मै कंझा के उससे बोला क्या है?उसकी सिफ़ारिश तैयार थी।वो बोला भैया वो नीली सलवार कुर्ते वाली है ना।मै बोला आगे बोल्।वो बोला।वो मेरी दीदी है।मैने उस लड़की तरफ़ देखा।वो काफ़ी नक़चढी लडकी थी और आए दिन हम लोगो के कमेण्ट्स का शिकार होती थी।पता नही उस दिन क्या हुआ मै मधु से बोला।देख बे मधु, सारी रिश्तेदारी गड़बड़ हो रही है,या तो तू हम लोगों को भैया बोल या उन लोगों को दीदी।इतना सुनते ही बस मे ज़ोरदार ठहाका लगा।इसके बाद भी मधु ने दीदी बनाना छोड़ा नही। हां हम लोगो पर तरस खाकर उसने थोड़ा कम ज़रूर किया।मधु आज भी मिलता है तो उसी आत्मीयता से।अब वो बड़ा आदमी भी हो गया है मगर हम लोगो के लिये वो माध्व राव नही मधु ही है बिल्कुल वैसा ही छोटे भाई जैसा।मै समझता हूं आप मे से बहुत से लोगो के कालेज के दिनो मे हमारे मधु जैसा कोई न कोई तो मधु होगा ज़रूर।