Showing posts with label आपबीती. Show all posts
Showing posts with label आपबीती. Show all posts

Thursday, August 28, 2008

पहली बार अच्छा लगा कोई पीली बत्ती वाला

आए दिन चौक-चौराहों से गुजरती लाल-पीली बत्ती वाली कारों में बैठे लोगों को मैं जबरिया रोके गए ट्रैफिक में फंसे लोगों के साथ खड़ा-खड़ा गालियाँ ही बकता रहा हूँ। ऐसा ट्रैफिक में फंसने वाले प्राय: सभी लोग करते हैं पर कल शाम एक पीली बत्ती वाले पर मुझे गुस्सा नहीं आया बल्कि वो मुझे अच्छा लगा। ऐसा नहीं कि उसने कोई अच्छा काम किया था बल्कि इसलिए कि उसके लिए साफ हुए रास्ते में घुसकर मैं निकल आया।

भला हो पीली बत्ती लगी नई चमचमाती काली स्कॉर्पियो में सवार बड़े साहब का। गर वो नहीं आते तो पता नहीं और कितने घंटे मुझे फंसा रहना पड़ता नेशनल हाईवे नं-6 में लगे जाम में। मैं 4 दिनों की छुट्टियाँ मनाकर दोपहर को खाना खाकर नागपुर से निकला था। अंदाज़ था कि अंधेरा होने से पहले महाराष्ट्र की सीमा पार कर छत्तीसगढ़ पहुँच जाऊँगा और रात 8 बजे तक रायपुर। सब कुछ समय से चल रहा था अचानक सौंदड़ गाँव से निकलते ही ट्रकों की लंबी कतार नज़र आई। मैं बिना रूके गाड़ी बढ़ाते जा रहा था आगे कुछ ट्रक वालों ने हाथ दिया और कहा पुल पर एक ट्रक एक्सल टूटने से फेल हो गया है। इसलिए पूरा जाम लगा हुआ है। मैंने गाड़ी किनारे की, तभी साथ में बैठे भांजे निलेश ने कहा मामा छोटी गाड़ियाँ निकल रही है, आप भी निकाल लो वर्ना फंस जाएँगे। मैंने उसे घूरा और कहा इतने सारे लोग लाइन में हैं क्या मूर्ख हैं ? और मैंने 2 ट्रकों के बीच खाली जगह में गाड़ी लगा दी।

तब तक उधर से ट्रक के बाजू से निकलकर एक ट्रक ने दूसरी तरफ वालों के लिए रास्ता खोल दिया। अब उस तरफ से गाड़ियों के आने का सिलसिला शुरू हो गया था। तभी इधर से भी किसी ने गाड़ी अड़ा दी। और रास्ता दोनों तरफ से बंद था। लाइन लंबी होती चली गई थी। मिनटों का इंतज़ार 1 घंटे से ज्यादा हो गया था। इस बीच मेरा भांजा नीचे उतरा और बोला आता हूँ देखकर, मैंने भी मना नहीं किया। थोड़ी देर बाद वो लौटा और बोला मामा गाड़ी आगे निकालो और जहाँ तक जा सकती है ले चलो ट्रैफिक खुल सकता है और अपन अपनी गाड़ी ट्रकों के बीच में घुसाके निकल सकते हैं। मैंने उसे फिर डांटा। उसने कहा हरीशचंद्र बनोगे मामा तो फंसे रह जाओगे घंटों। तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार 3 पुलिसवाले तेज़ी से आए और पुल की तरफ बढ़ गए। भांजे ने कहा मामा इनके पीछे लग लो तो निकल जाएँगे नहीं तो फंसे रह जाएँगे रात भर। पता नहीं क्या सोचकर मैंने भी गाड़ी बढ़ा दी मेरे पीछे और कुछ गाड़ियां चली आई और रास्ता पूरा पैक हो गया। किनारे-किनारे निकलते समय ट्रक वाले रूकने के लिए शोर मचाते रहे। आगे जाकर जाम कर देगा यही सोच रहे होंगे शायद। पुल के एकदम करीब रास्ते में रूकावट बनकर खड़ी एक ट्रक के पीछे मैंने गाड़ी लगा दी। तीनों पुलिस वालों के पीछे मेरा भांजा उतरकर भागा और उतनी ही तेज़ी से वापस आया। उसने कहा- मामा उधर कोई पीली बत्ती वाली कार फंसी है उसको निकालने का जुगाड़ कर रहे हैं पुलिसवाले। वो उस तरफ का ट्रैफिक रोककर कार निकालेंगे आप जैसे ये ट्रक घुसे आप भी गाड़ी घुसा देना तभी निकल पाएँगे। पुलिस वाले आए और ट्रक के पीछे लंबी कतार देखकर सबको पीछे हटने के लिए कहने लगे। मेरा भांजा भी उनके साथ शामिल हुआ और उसने भी उनके सुर में सुर मिलाकर मेरी कार के पीछे की गाड़ियों को थोड़ा-थोड़ा पीछे खसकने के लिए कहा। इस बीच जगह बनती देख सामने वाले ट्रक ने फेल खड़े ट्रक के किनारे से गाड़ी बढ़ा दी।

जैसे ही ट्रक पुल के उस ओर निकला पीली बत्ती वाली स्कॉपियो आगे खिसकी ही थी कि अचानक मेरी कार सामने आ गई। सामने वाला ट्रक धीरे-धीरे सरकते-सरकते आगे बढ़ रहा था और उसके पीछे-पीछे मैं। अचानक स्कॉर्पियो की पिछली खिड़की का काँच नीचे सरका। उसमें सफेद खरगोश जैसा खुबसूरत और मासूम युवक महंगा काला चश्मा ऑंखों पर चढ़ाए बैठा था। जाहिर था उसे अपने लिए साफ कराए गए ट्रैफिक में दूसरे का घुसना पसंद नहीं आया था और वो नाराज़ होकर घूरने की मुद्रा में आ गया था। चश्मा शायद इसलिए लगाया था कि खरगोश जैसा मुलायम और मासूम चेहरा किसी को घूरता भी तो उसे तरस ही आता। तकरीबन यही हाल मेरा भी था। खरगोश को अपने चेहरे को शेर जैसा खूंखार बनाने की कोशिश करते देख मुझे हंसी आ गई। मैंने उसके तरफ देखा और मुस्कुरा दिया। शायद वो समझ गया था कि मैं उसे चिढ़ा रहा हूँ।बड़ी मुश्किल से उसने अपने भीचे हुए होंठो को थोड़ा-सा फैलाया। तब तक मेरी गाड़ी आधी पार हो चुकी थी और उसकी गाड़ी आगे सरक रही थी। जाने क्या सूझी मुझको और मैने हाथ हिलाकर उससे विदा ली। गुस्से से लाल हो चुके उस अफसर ने मजबूरी में हाथ में हाथ हिलाया और काँच ऊपर उठा लिया।
मैंने रियर व्यू मिरर में देखा उसकी गाड़ी नहीं दिख रही थी। मैं समझ गया कि साहब निकल लिए और उनके पीछे फिर जाम होना तय था। कई किलोमीटर तक सड़क के किनारे ट्रकों की लाइन लगी हुई थी। कुछ ट्रक वालों ने हाथ हिलाकर ईशारे से पूछा क्या ट्रैफिक खुल गया ? इसका जवाब शायद मेरे पास नहीं था। मैं लगभग पौने 2 घंटा जाम में फंसकर लेट हो चुका था। गाड़ी अब फर्राटे भर रही थी। तभी भांजे ने कहा वो तो अच्छा हुआ मामा वो अफसर आ गया वरना फंसे रहते। पता नहीं क्यों मुझे उस पीली बत्ती वाले पर गुस्सा नहीं आया। उसके खरगोश जैसी मासूमियत पर जबरन लादे गए रौब से भी मैं नहीं चिढ़ा। मुझे वो अच्छा लगा शायद इसलिए कि मैं उसके कारण जाम से निकल आया था। छोड़ आया था पता नहीं कितने ट्रक वालों को फंसे हुए जिनकी मंजिल मुझसे बहुत ज्यादा दूर थी।

Tuesday, July 15, 2008

वृध्दाश्रम बनते जा रहे हैं गाँव

गाँव अब गाँव नहीं रहे बल्कि वृध्दाश्रम बनते जा रहे हैं। ऐसा मुझे सोमवार को लगा जब मैं अपने ननिहाल गया । वहां जाकर ऐसा लगा कि गाँव को किसी की नज़र लग गई है। गांव में जिस भी घर में गया वहां बुजुर्गों के अलावा कोई नहीं मिला। बचपन के संगी-साथियों में से कोई रोजी-रोटी के लिए तो कोई बच्चों की शिक्षा-दीक्षा के बहाने गाँव छोड़ चुका था।
एकदम अजनबी सा लगने लगा था मुझे अपना ननिहाल। छोटा सा गाँव धानोरा मेरा ननिहाल है महाराष्ट्र के अमरावती जिले में। बचपन से लेकर जवानी तक गर्मियों और दीपावली की छुट्टियाँ मैने वहीं बिताई थी। शहर के फुटबॉल, क्रिकेट को छोड़कर गांव की अमराइयों में, डाब-डुबली, (पेड़ों पर छूकर आऊट करने का खेल) और गिल्ली डंडा खेला करते थे। थक जाते तो पास में बहती छोटी सी खोलाट नदी के किनारों और कहीं-कहीं जमा पानी में तैरा करते थे। तैरना भी मुझे गाँव के ही दूर के मौसेरे भाई विनोद और अविनाश ने सिखाया था। खेल और तैरकर थक कर चूर होकर लौटते समय जिस घर में पहले खाना बना मिलता वहीं खा लेते थे। पता ही नहीं चलता था कब दिन निकलता था और कब रात होती थी। और फिर कब दूसरा दिन निकल आता।
गर्मियों के दो महीने की और दीपावली की एक महीने की छुट्टियाँ गाँव में ही बीतती थी। पूरे गाँव का भांजा था मैं। सभी घरों में आना-जाना, खाना और सभी से उतना ही प्यार मिलता था। एकदम शुध्द प्यार। कभी-कभी खेतों पर काम करने वालों के साथ भी खाना खा लेता था। वो तीखी मिर्च का ठेसा और ज्वार की रोटियों का स्वाद भूलाए नहीं भूलता। दीपावली की छुट्टियाँ खत्म होते ही गर्मियों का इंतजार रहता था और गर्मियाँ खत्म होते ही दीपावली का।
सब कुछ एकाएक बदला सा लगने लगा था। जब मैं सालों बाद कुछ दिनों के लिए गाँव में रूका। बगल में रहने वाली अनु मावशी (मराठी में मौसी को मावशी कहते हैं) के घर पर ताला लटका था पता चला कि वो जानवरों के लिए बने बाड़े में कमरा बनवाकर रहने लगी है। विनोद,प्रमोद के बारे में पूछा तो दोनों बगल के तहसील मुख्यालय में रहने लगे हैं। खुद गाँव में पढ़कर बड़े हुए प्रमोद और विनोद को अब गाँव का स्कूल पसंद नहीं आ रहा है। बच्चों की खातिर उस माँ को छोड़कर चले गए जिसने उन्हें पाल-पोसकर बच्चे से बड़ा बनाया। आगे निकलकर गाँव के जाने-माने मराठा परिवार के यहाँ गया, वहाँ भी वही हाल था। और यही हाल गाँव के आरेकर परिवार का था। परिवार के मुखिया मनोहर मामा नहीं रहे थे। उनका बड़ा लड़का जगदीश का गाँव का सरपंच बन गया था। सोचा उससे मुलाकात हो जाएगी। लेकिन वो भी वापस शहर जा चुका था। वो शहर से कुछ घंटों के लिए रोज गाँव आता है। दिवाकर से प्रभाकर और अनिल से सुनील पक्या (प्रकाश ) से मन्या (मनोहर) सभी रोजी-रोटी और बच्चों की शिक्षा-दीक्षा के लिए शहर में बस गए थे।
अनु मावशी से मिला तो दिमाग खराब हो गया। हमेशा हंसते-खिलखिलाते रहने वाली अनु मावशी खटिया पकड़ चुकी है। उनका सबसे बड़ा लड़का अत्री भाऊ जरूर उनके बगल में मकान बनाकर रहता है। मगर वो बंटवारे से नाराज चल रहा है। वीणा वहिनी (भाभी) का भी यही हाल है। भाऊ का कहना है छोटे भाईयों की पढ़ाई के लिए उन्होंने पढ़ाई छोड़ी थी। और अब जब बंटवारा हुआ तो भी छोटों को मन पसंद खेत और मकान दे दिए गए। वे यहाँ बाड़े में आ गए हैं। दोनों के बारे में मावशी की राय ठीक नहीं थी। और प्रमोद और विनोद के बारे में तो और गलत।
पुराने दिनों को याद कर अनु मावशी रो पड़ी थी रोते-रोते ही उन्होंने एक कड़वा सच भी कह दिया। उन्होंने कहा कि गाँव अब बूढ़े लोगों का बसेरा हो गया है। जवानों को तो शहर की हवा लग गई है। हम लोग यहाँ पुराने ढह रहे मकानों की चौकीदारी करते आखिरी सांस का इंतजार कर रहे हैं। उनसे मिलकर लौटते समय अच्छा नहीं लग रहा था। नदी की ओर गया तो छोटे से स्टाप डेम ने नदी को भी गाँव की महिलाओं की तरह बूढ़ी बना दिया था। अमराईयां अचानक बबूल के जंगलों की तरह नज़र आने लगी थी। रेखा मावशी से मिलकर जब वापस लौटने लगा तो मन और खट्टा हो चला था। उनके बाड़े में बहुत सी दीवारें उठ गई थी। दीवारें जो सिर्फ घरों को ही नहीं दिलों को भी बांट चुकी थी। गाँव में अब बड़े-बड़े बाड़े नहीं रह गए। बाड़े तो क्या अब गोठान भी नहीं रहा। वहाँ गोधुली बेला में अब धूल नहीं उठती। गाय-बछड़ों के गले की घंटियाँ लाजवाब संगीत नहीं छेड़ती। अब उठता है ट्रक, ट्रैक्टर या बसों के आने के बाद धूल का गुबार और घंटियों के सुमधुर संगीत के बजाय सुनाई पड़ते हैं कर्कश हॉर्न। अब गाँव के ग्राम पंचायत का रेडियो भी नहीं बजता। लोग रात को विविध भारती या ऑल इंडिया रेडियो के गानों का इंतजार नहीं करते।अधिकांश घरों में टीवी आ गया है। इसलिए शाम होने के बाद लोग ग्राम पंचायत भवन में इकठ्ठा भी नहीं होते। गाँव के बदल जाने का सदमा लिए मैं वापस लौट रहा था। गाँव से शहर आने के रास्ते में अंबापुर वाले मारूति के दर्शन किए। वहाँ मुझे अपने सगे मामा अरविंद के बाल सखा सुरेश मानकर मिल गए। बाकी कसर उन्होंने पूरी कर दी। मैने पूछा मामा यहाँ? गाँव......... बीच में मेरी बात काटते हुए उन्होंने कहा गाँव में रखा ही क्या है भांजे? बस अब बजरंगबली की सेवा करता हूँ। ये अच्छा है, इसके पास न छल है न कपट। मैं हक्का-बक्का था। धीरे से पूछा गाँव के लोग कुछ बदले से नज़र आए। अपनी आदत के अनुसार उन्होंने जोरदार ठहाका लगाया और गाँव के बदलने का महत्वपूर्ण कारण भी बता दिया। उन्होंने कहा कि पंचायत के चुनावों के बाद गाँव में कई पार्टियाँ बन गई है। और बाकी कसर दारू ने पूरी कर दी। अच्छा है तुम लोग शहर में रहते हो ,वहीं रहो ज्यादा अच्छा है। गाँव में अब कुछ नहीं रखा है। उनकी बातें मेरे कानों में अब भी गूँज रही है। अब जबकि मैं लगभग साढ़े 4 सौ किलोमीटर दूर वापस रायपुर आ गया हूँ। मुझे लगता है कमोबेश यही हालत हर गाँव की होती जा रही है।