Showing posts with label छत्तीसगढ़. Show all posts
Showing posts with label छत्तीसगढ़. Show all posts

Thursday, June 20, 2013

ईश्वरीय चमत्कार न सही इंजिनीयरिंग की मिसाल है 13 सौ साल पुराना लक्ष्मण मंदिर.

भारत के सबसे प्राचीन इंटों से बने मंदिरों में से एक लक्ष्मण मंदिर महानदी के किनारे खड़ा है आज के पिछड़ा कहलाने वाले छत्तीसगढ़ की प्राचीन भव्यता और ज्ञान का प्रतीक बनकर। दक्षिण कोसल की राजधानी श्रीपुर अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पुरातत्व स्थलों में एक है। यहाँ कभी दस हजार भिक्षु भी रहा करते थे।

राजधानी से मात्र 90 किलोमीटर दूर है, आज का सिरपुर जो कभी श्रीपुर हुआ करता था। ये नालांदा और तक्षिला से भी पुराना शिक्षण केन्द्र हुआ करता था। मगध के राजा सूर्यवर्मन की पुत्री वासटा ने अपने पति की स्मृति में लक्ष्मण मंदिर बनवाया था, वे महासोमवरसी राजा महाशिवगुप्त बालार्जुन की माता थी। महाशिवगुप्त बालार्जुन ने 595 से 653 ई. तक 58 साल राज किया था। सातवीं सदी में यहाँ चीन के महान पर्यटक और विद्वान ह्वेन सांग आए थे, उनके अनुसार सिरपुर में उस समय महायान संप्रदाय के 10 हजार भिक्षु निवास करते थे, सिरपुर ज्ञान-विज्ञान और कला का केन्द्र बना रहा।

रायपुर से 18 कि.मी. तक भीड़-भाड़ वाला टै्रफिक रहता है और उसके बाद सड़क खाली मिलती है। मंदिर हसौद गांव के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग क्र.6 धीरे-धीरे खुबसूरत होता जाता है। एक और छोटा सा कस्बा आरंग आता है, उसके बाद महानदी रास्ता काटती है। महानदी के बाद सफर का आनंद आता है। कुछ किलोमीटर बाद एक छोटा सा बाँध है कोडार। इसके बाद जंगल शुरू हो जाता है। यहाँ हाईवे छोड़कर एक सड़क सिरपुर के लिए जाती है, जो जंगलों के बीच गुजरती हुई सफर को यादगार बना देती है।

सिरपुर पहुँचते ही प्राचीन बौध्दविहार के उत्खनन कार्य चार दिवारी में घिरे नज़र आते हैं। थोड़ा आगे जाने पर लक्ष्मण मंदिर का भव्य परिसर मिलता है। ये राष्ट्रीय संरक्षित स्मारक है। गेट पर चौकीदार रहता है और 5 रूपए की टिकट पर एक आदमी को प्रवेश मिलता है। अंदर पहुँचते ही अलग ही काल में पहुँच जाने की अनुभूति होती है। सात फीट ऊँचे पत्थरों के विशाल चबूतरे पर लक्ष्मण का विशाल ईंटों से बना मंदिर गर्व से खड़ा है, उस काल के कलाकारों के उच्च तकनीक और बेहद मजबूत ईंट बनाने की कला और ज्ञान का सबूत देते हुए।

मंदिर में अब प्रवेश नहीं मिलता। द्वार पर ताला लगा दिया गया है, कारण मंदिर के भीतर रखी शेषनाग के अवतार लक्ष्मण की मूर्ति एक बार चोरी हो चुकी है। बड़ी मुश्किल से ये मूर्ति वापस मिली, और तब से ये ताले में कैद है। गर्भ गृह में नागराज अनंत शेष की बैठी हुई पत्थर की सुंदर मूर्ति सौम्य मुद्रा में हैं। पंचरथ प्रकार का ये मंदिर गर्भ गृह अंतराल और मंडप से संयुक्त है। मंदिर की बाहरी ईंटों की दीवारों पर कूटद्वार खिड़कियाँ, भारवाहक गण, गज, कीर्तिमुख और कमल बहुत ही सुंदरता से उकेरे हुए हैं। मंदिर का प्रवेश द्वार भी बहुत सुंदर है। दरवाजे के दोनों पिल्हर पर विष्णु के प्रमुख अवतार कृष्ण लीला के दृश्य अलंकरण्ा, प्रतीक, मिथुन दृश्य और वैष्णव द्वारपाल अंकित है। दरवाजे के ऊपर वाली बीम पर शेषाशयी विष्णु प्रदर्शित है।

लक्ष्मण मंदिर के निर्माण का काल 650 ई. माना गया है। इस हिसाब से साढ़े 13 सौ साल से भी ज्यादा पुराना ये ईंटों का मंदिर आज भी मौसम की चुनौतियों का सीना ताने सामना कर रहा है। हालांकि इसके पास ही बने राम मंदिर के अब सिर्फ अवशेष ही मिलते हैं। इसी तरह वहीं करीब महानदी के तट पर आज तक पूजा जा रहा गंधेश्वर शिव मंदिर भी है। लेकिन मराठा काल में वे जीर्णोध्दार से इसका मौलिक स्वरूप विलुप्त हो गया है। लक्ष्मण मंदिर के ठीक बाजू में पुरातत्व शास्त्रियों ने एक आवास शाला भी खोजी है, यहाँ पुजारियों का निवास हुआ करता था।
उस काल में पत्थरों की कमी को ध्यान में रखते हुए निर्माणकर्ताओं ने विकल्प के रूप में ईंटों को निर्माण की मुख्य सामग्री बनाया था। ईंटों पर की गई कारिगरी बेहत खुबसूरत है। साढ़े 13 सौ साल से ईंटें बारीश, धूप और हवा झेल रही है लगातार और खड़ी है आज के ईंट बनाने वाले हाईटेक लोगों को मुँह चिढ़ाते हुए। तो कैसा लगा लक्ष्मण मंदिर ? आपको सैर कराएँगे यहीं के बौध्द विहारों की जो नालंदा और तक्षशिला से भी पुराने हैं।

Tuesday, June 11, 2013

विद्याचरण शुक्ल को भूल नही पायेगा छत्तीसगढ

विद्या भैया हमारे बीच नही रहे.रह गई है उनकी यादें.वो कद्दावर नेता जिसने रायपुर को देश में अलग पहचान दी.मध्यप्रदेश को भी शुक्ल बंधुओं और उनके पिता स्व रविशंकर शुक्ल जी ने पहचान दी थी.सबसे कम उम्र में मंत्री बनने वाले गिने चुने लोगो मे से एक थे वे.विवाद भी उनके साथ बहुत रहे मगर 84 साल की उम्र में नक्सल प्रभावित क्षेत्र का दौरा करना ये बताता है कि उनमे अपने प्रदेश के लिये कितना प्यार था.जिस कांग्रेस में कथित हाईकमान के खिलाफ सोचना तक़ आत्महत्या के समान माना जाता है उसी हाईकमान को एक नही कई बार चुनौतियां दी थी उन्होनें.न वे कभी झुके थे और ना ही टूटे थे.समझौता उन्होने कभी नही किया था.छात्र जीवन से ही विद्या भैया के सैकडो किस्से सुनते आये थे.मुझे उनके समर्थको की सूची में लोग स्थान नही देते थे लेकिन ये तो मै ही जानता हूं कि वे मुझे पसंद करते थे या नही.उनके साथ खट्टे मिठे अनुभवों की लम्बी लिस्ट है.पर मन पता नही क्यों आज भर भर आ रहा है.दोपहर से सोचते सोचते अब जाकर लिखने की हिम्मत जुटा पाया हूं.कुछ दिन पहले ही उनके प्रिय वैभव मिश्रा ने भी मुझसे कहा था कि भैया विद्या भैया पर आपने कुछ नही लिखा,कुछ लिखिये,लोग जानना चाहते है.फिर उनके प्रवक्ता दौलत ने भी कहा पर मौत से जूझते अटल लडैया विद्या भैया पर लिखते समय उंगलिया कांप जाती थी.जितना ऊंचा उनका कद था भारतीय राजनीति में उतनी ही उंचाई वे नाप चुके थे.उनके जैसा ना हुआ है और ना होगा.एक समय भाजपा के ही एक सांसद ने कहा था कि विद्या भैया जैसी टावरिंग पर्सनालिटी हमारे साथ नही है.विद्या भैया को भूल पाना आसान न होगा.दिल से श्रद्धांजलि देता हूं उनको.पता नही 84 साल के बुज़ुर्ग को मार कर नक्सलियों को क्या मिल गया होगा.उनके साथ ही भारतीय राजनीति के एक स्वर्णीम अध्याय की समाप्ति हो गई.भैया आप अमर है,हम सब आपको भूल नही पायेंगे.

Thursday, September 4, 2008

शराब बेचने में ही सही छत्तीसगढ़ को मिला कांस्य पदक

क्षेत्रफल और जनसंख्या के मामले में काफी पीछे छत्तीसगढ़ ने शराब बिक्री के मामले में सारे देश में तीसरा स्थान हासिल कर लिया है। अब कुछ लोगों को ये खराब भी लग सकता है और कुछ लोगों को अच्छा भी। हम तो बस वही बता रहें हैं जो छत्तीसगढ़ ब्रेवरेज कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष ने बताया। उनका कहना है कि हर साल 25 से 30 प्रतिशत शराबी बढ़ रहे हैं, इस राज्य में।

मात्र 2 करोड़ की आबादी वाले छोटे-से छत्तीसगढ़ ने सिर्फ आठ साल की उम्र में ये कारनामा कर दिखाया है। अब इसे शराब बेचने वाले अपनी उपलब्धि मान सकते हैं और शराब से नफरत करने वाले इसका विरोध कर सकते हैं। जिसके जो जी में आए वो कर सकता है। वैसे भी इस देश में कुछ भी करने की आज़ादी है। जभी तो ब्रेवरेज कार्पोरेशन छत्तीसगढ़ मे शराब भी बेचता है और नशा मुक्ति आंदोलन के तहत होर्डिंग्स और पोस्टर भी लगवाता है। है ना! कमाल का संतुलन। पीने वाले भी खुश और नहीं पीने वाले भी खुश। मानना पड़ेगा कार्पोरेशन के अध्यक्ष सच्चिदानंद उपासने को।

कारण चाहे जो भी हो लेकिन ये तो तय है कि बड़े-बड़े राज्यों के बीच छत्तीसगढ़ ने इस मामले में धाक तो जमा ही दी है। खासकर इसलिए कि उसकी बहुत बड़ी आबादी तो आदिवासी है, जो खुद की बनाई शराब पीकर मस्त रहते हैं। कायदे से देखा जाए तो शहरी क्षेत्रों में मुश्किल से 1 करोड़ लोग रहते हैं और इससे ज्यादा लोग तो शायद हमारे देश के एक-एक महानगर में रहते हैं। इसके बावजूद बड़े-बड़े शहरों वाले बड़े-बड़े राज्यों को शराब बिक्री के मामले में पछाड़ देना कोई मामूली बात नहीं है। वो तो गनिमत है हमारे प्रदेश के गाँव और जंगलों में रहने वाले ग्रामवासी और वनवासी भाईयों का जो कार्पोरेशन की बेची शराब नहीं पीते, वरना छत्तीसगढ़ देश तो क्या सारी दुनिया से कॉम्पिटिशन कर सकता है। भई! ऐसा मैं नहीं कहता! कॉर्पोरेशन वाले कहते हैं।

अब उपासने जी की सुनिए! वो बताते हैं कि उत्पादक इकाईयों द्वारा बेची गई मदिरा के विरूध्द मिलने वाली राशि हर साल बढ़ती ही गई है। 2004-05 में 97.27 करोड़, 05-06 में 128.45 करोड़, 06-07 में 185.55 करोड़, 07-08 में 245.83 करोड़ और इस साल मात्र 5 महीनों में 108.86 करोड़ राशि मिली है। प्रतिशत वार देखने में ये आकड़े इस प्रकार हैं, +25.9, +44 प्रतिशत हैं। जाने दीजिए आकड़ों की बाज़ीगरी नेता करते रहे जिनका ये काम है।

हम तो आपको उपासने जी के नशाबंदी कार्यक्रम के तहत उठाए गए कदमाें की जानकारी दे रहे हैं। हम उनके प्रवक्ता नहीं हैं मगर उन्होंने जो बताया वो आपको बताना ज़रूरी है। नशा विरोधी अभियान के तहत लोगों में जागरूकता लाने के लिए छत्तीसगढ़ संवाद के माध्यम से पर्चे छपवाकर ज़िला पंचायतों में बंटवाए गए। दूरदर्शन केन्द्र रायपुर के सहयोग से नशे से होने वाले दुष्प्रभाव से आम जनता को अवगत कराने के लिए टेलीफिल्म ''जस करनी तस करम गति'' का निर्माण कराया है। फिल्म का प्रसारण अभी तक नहीं हुआ है लेकिन भविप्य में दूरदर्शन पर होगा। राज्य के ज़िला मुख्यालयों में नशाबंदी के होर्डिंग्स लगाए गए हैं। 2006-07 की तुलना में 07-08 में विदेशी मदिरा की खपत में 23.11 प्रतिशत की वृध्दि.........अरे! लगता है दूसरा पन्ना हाथ में आ गया। खैर वृध्दि 07-08 में भी जारी रही, उस साल 26.29 प्रतिषत की वृध्दि हुई। हाँ 2003 से लेकर 08 तक 4 करोड़ 65 लाख रूपए मुख्यमंत्री सहायता कोप में दिए गए। इसको मान लेते हैं कि सच में एक तो अच्छा काम किया ही है कार्पोरेशन ने। अब कार्पोरेशन के नशामुक्ति या नशाबंदी अभियान के बावजूद प्रदेश में हर साल 25 से 30 प्रतिशत शराबी बढ़ रहें है तो इसमें उनका क्या दोष है।
अभी तक ऐसा लग रहा था कि नक्सली वारदातों के नाम पर ही छत्तीसगढ़ देश में सुर्खियाँ बटोर रहा है लेकिन ब्रेवरेज कार्पोरेशन की ईमानदारी और शराबी भाईयों की मेहनत आखिर रंग लाई है। पता नहीं कितने सालों से किसी प्रदेश के शराबी अपना कलेजा जला-जलाकर उसे टॉप-3 में बनाए रखे होंगे। लेकिन मानना पड़ेगा मजबूत इरादों, नहीं-नहीं मजबूत लीवर और किडनी वाले शराबी भाईयों के छत्तीसगढ़ प्रेम को, जो उन्होंने खुद को गलाकर उसका नाम देश में रौशन करने का बीड़ा उठा लिया है। और नशाबंदी आंदोलन के क्षेत्र में जी-जान से जुटे हमारे ब्रेवरेज कार्पोरेशन के माननीय अध्यक्ष सच्चिदानंद जी का कहना माने तो लगता है आने वाले सालों में छत्तीसगढ़ इस मामले में तो देश का सरताज बनकर रहेगा।शराबी भाईयों से तो मुझे आड़ी-तिरछी प्रतिक्रिया का डर नहीं है लेकिन जो भाई पीते नहीं हैं और पीने-पिलाने वालों से चिढ़ते हैं, उनसे ज़रूर थोड़ा खतरा है। इसलिए मेरा निवेदन है कि मेरे शब्दों पर न जाकर मेरी भावनाओं को समझने की कोशिश करिएगा। सभी तरह के नशीली-कटीली-सजीली-चुटीली प्रतिक्रियाओं का स्वागत है।