Showing posts with label बीमारी. Show all posts
Showing posts with label बीमारी. Show all posts

Wednesday, September 16, 2015

औलाद की जान लेने की मज़बूरी तो समझो सरकार

औलाद की जान लेने की मज़बूरी तो समझो सरकार.कोई मां अगर अपनी ही औलाद को मार डाले तो अंदाज़ा लगाया जा सकता है कि वो किस कदर निराश,हताश होगी.अपने जिगर के टुकडे को अपने ही हाथों कत्ल कर देना ये साबित करता है वंहा उम्मीद थी ही नही.नाउम्मीदी के इस कठीन दौर में पंहुचने के लिये ममतामयी मां को किसने पहुंचाया,ये सवाल राजनीति की चक्की में पिस कर पता नही कंहा गुम हो चुका है.आम आदमी की पार्टी और खास लोगो की पार्टी दोनो ही एक दूसरे को नंगा करने पर तुली हुई है पर उनके इस नंगेपन के नाच में असल में कोई नंगा हो रहा है तो वो है तरक़्क़ी का झूठा दावा.इंसानियत नंगी हो रही है.बेबसी सामने आ रही है आम आदमी की.एक मां की और बेशर्मी भी सामने आती है सरकारों की,राजनीतिक पार्टियों की भी और अफसरशाही की भी.अफसोस की बात है कि देश की राजधानी में,किसी जंगल के गांव मे नही,देश की राजधानी में एक निराश मां अपने बच्चे का क़तल कर खुद खुदकुशी कर लेती है.एक बच्चे की मौत पर उसके मां बाप आत्महत्या कर लेते है और बेशर्म राजनीति बयानबाजी में उलझी नजर आती है,इससे ज्यादा शर्मनाक शायद ही कुछ और होगा.

Wednesday, April 21, 2010

जंहा दिल खुशी से मिला मेरा वंही सर भी मैने झुका दिया!

जंहा दिल खुशी से मिला मेरा वंही सर भी मैने झुका दिया!ये बात सौ प्रतिशत सही उतरती है बस्तर के भोले-भाले आदिवासियों पर।जिस पर विश्वास किया उस पर सब कुछ निछावर करते आ रहे हैं और मान्य्ताओं का तो फ़िर क्या कहना।उनकी एक अनोखी मान्यता की खबर मुझे भी मिली जो आप लोगों को बता रहा हूं।बस्तर के मुख्यालय जगदलपुर से कांगेर घाटी की ओर जाने पर लगभग पचास किमी पर मुख्य मार्ग से कुछ अंदर जंगल मे एक मंदिर है जंहा बीमार लोग अपनी बीमारी ठीक करने के लिये चश्मा चढाते हैं।बोलचाल की भाषा मे चश्मे वाली मैया का मंदिर कहा जाता है।भोले-भाले आदिवासी आज भी अपनी बीमारियों के इलाज के लिये डाक्टरों के पास जाने की बजाय अपने बेगा-गुनिया से झाड़-फ़ूंक कराते है या फ़िर चश्मे वाली मैया जैसे और भी देवी-देवता हैं उनके पास्।
आज़ादी के इतने सालों बाद भी इलाज का ये तरीका बताता है कि विकास सारी दुनिया मे जिस रफ़्तार से भी दौड़ा होगा यंहा बस्तर मे वो रेंग भी नही पाया है।यंहा आज भी बुखार का इलाज मरीज को चिंटियों से भरी बोरी मे डाल कर किया जाता है।ताड़ी और सल्फ़ी की मादकता मे मस्त आदिवासियों को पता ही नही चला कि विकास की दौड़ मे वे कितने पीछे हैं और उन्हे इस बात से शिकायत भी नही है।वे तो आज भी अपनी ही दुनिया मे मस्त हैं जंहा प्यार और विश्वास के सिवाय और कुछ नही मिलता।



अब चाहे राज्य सरकार चिकित्सा सुविधा के लिये डेड़ सौ करोड़ रूपये के पैकेज की घोषणा करे या तीन सौ करोड़ की,आदिवासियों को क्या फ़र्क़ पड़ता है।बीमार हुआ तो चले जायेंगे चश्मे वाली मैया की शरण में।बताया जाता है जंगल आदिवासियों को उनकी जरुरत की सारी चींज़े दे देता है सिवाय नमक के।और उसी नमक को लेने के लिये आदिवासी जंगल से बाहर आता था और व्यापारियों को चिरौंजी देकर नमक लेता था।इस बात का उल्लेख एक बार अखण्ड मध्यप्रदेश के तत्कालीन राज्यपाल ने बस्तर प्रवास पर कर दिया था तो बड़ा बखेड़ा हुआ था।आखिर पूरा न सही थोड़ा बहुत तो सच होगा ही।आज भी बस्तर का आदिवासी मौसम मे महुआ सस्ते मे बेच देता है और आफ़ सीज़न में कोल्ड स्टोरेज मे रखा वही महुआ उसे कई गुना महंगा खरीदना पड़ता है।पता नही ये विकास नाम का धावक कब इस तरफ़ आयेगा।शायद उसे किसी ने यंहा के बीहड जंगलो और खून बरसाते नक्सलियों के बारे मे बता दिया है।शायद उसे सरकार की सुरक्षा व्यवस्था पर भरोसा नही है या फ़िर उसे रोज़ हो रही सुरक्षा कर्मियों की मौत की खबर डरा रही है।कारण चाहे जो भी हो ये तो तय है विकास बाबू ने यंहा आने मे देर तो की है और अब भी अगर वे समय पर नही पंहुचे तो फ़िर उनके पास सिवाय इस बात के और क्या चारा होगा कि एक चश्मा लें और मैया को चढा दें।मुझे लगता है कि उनके पास और कोई उपाय है भी नही।

Sunday, September 13, 2009

इंटरनेट और मोबाईल बीमारी है?इनसे बचिये और टीवी से चिपकईये

टीवी वाला भईया सुबह-सुबह स्पेशल रिपोर्ट मे बता रहा था कि इंटरनेट और मोबाईल बीमारी है?ये आदत जानलेवा बीमारी मे बदल सकती है।ईमेल चेक करना घातक बीमारी के लक्षण है?बच्चों का मोबाईल से चिपके रहना गंभीर खतरे की निशानी है।आपको और आपके परिवार को सुखी रहना है तो इंटरनेट और मोबाईल से दूर रहिये!मज़े की बात तो ये है कि जैसे ही इस खतरे से सचेत करने वाले भैया ने अपनी दुकान बंद की तो दूसरे भैया ने वंही पर मोबाईल के नये माडलो की दुकान सज़ा ली।वो भैया तो बाक़ायदा लोगो को दुकान मे बिठा कर मोबाईल के माडलो के फ़ायदे बता रहा था।ये वाला लेने से ये फ़ायदा और ये वाला लेने से ये।भैया अगर आपका एक सेल्समैन इंटरनेट और मोबाईल गंभीर और जानलेवा खतरा है बता रहा है तो दूसरा उसे खरीदने की सलाह क्यों दे रहा है?अगर आप को लोगो की, समाज की और देश की इतनी ही चिंता है तो मोबाईल के विज्ञापन दिखाना बंद कर दो। अगर नही कर सकते तो कम से कम मोबाईल के नये प्रोडक्टस पर कार्यक्रम तो दिखाना बंद कर दो।और अगर ये भी नही कर सकते तो कम से कम लोगो को मोबाईल के खतरे तो मत बताओ।आखिर कहना क्या चाहते हो आप लोग्।खुद तो कन्फ़्यूअज़्ड रहते हो ,रहो,मगर लोगो को तो मत करो।एक तरफ़ जिसे जानलेवा बीमारी बता रहे हो दूसरे ही पल उसे आज की सबसे बडी ज़रूरत बता कर बेच भी रहे हो।

और अगर इंटरनेट और मोबाईल को खतरा बता ही रहे हो तो एकाध शब्द टीवी के बारे मे भी बोल देते।क्या टिवी देख कर लफ़्डे नही हो रहे हैं।क्या लोगो को टीवी देखने की लत नही लगी है?क्या लोग टीवी से नही चिपक रहे हैं।क्या टीवी ने टीबी की शक्ल नही ले ली है?क्या बच्चे कार्टून चैनलो से चिपके नही रह्ते?क्या रियेल्टी शो के चक्कर मे जाने नही गई है?इंदौर का उदाहरण याद इलाने के लिये दे देता हूं।और फ़िर क्या आदत और लत सिर्फ़ मोबाईल और इंटरनेट की ही होती है?क्या सिर्फ़ वही जानलेवा बीमारी मे बदल सकती है?अगर इंटरनेट और मोबाईल बीमारी है तो टीवी क्यों नही?मै ज्यादा कुछ कहना नही चाह्ता इस विषय पर,नही तो फ़िर कोई कह देगा कि आप टीवी वालो से चिढते हो,लेकिन इतना तो ज़रूर कहूंगा कि कंही टीवी वालो को अपने दर्शक कम होने और उनके इंटरनेट की ओर भागने का डर अभी से सताने लगा है।विषय गंभीर है और कहने को बहुत कुछ मगर मै चाहता हूं कि आप भी कुछ कहे टीवी पर न सही कम से कम इंटरनेट पर तो ज़रुर कहें।आपकी राय का बेसब्री से इंतज़ार रहेगा।